1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Paa से चर्चा में आए निहाल की 15 साल की उम्र में मौत

Paa से चर्चा में आए निहाल की 15 साल की उम्र में मौत

मुंबई: देश में दुर्लभ अनुवांशिक विकार प्रोजेरिया के खिलाफ चलने वाले अभियान की पहचान बन गए 15 वर्षीय निहाल की इसी बीमारी से मौत हो गई।

aamir- India TV Hindi
aamir

मुंबई: देश में दुर्लभ अनुवांशिक विकार प्रोजेरिया के खिलाफ चलने वाले अभियान की पहचान बन गए 15 वर्षीय निहाल की इसी बीमारी से मौत हो गई। ठाणे जिले के निकटवर्ती भिवंडी के निहाल बाटला प्रोजेरिया से पीडि़त थे जिसके कारण उनकी उम्र सामान्य से आठ गुना तेजी से बढ़ रही थी। निहाल तेलंगाना के करीमनगर में एक शादी समारोह में शिरकत करने गया था। सोमवार शाम भीषण गर्मी के चलते उसे शरीर में पानी की कमी महसूस होने लगी जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वहां कुछ घंटों के बाद ही उसकी मौत हो गई। करीमनगर में ही उसका अंतिम संस्कार किया गया।

निहाल और उसके परिवार वालों ने इस लाइलाज बीमारी के खिलाफ जागरूकता फैलाने और ऐसे अन्य मामलों का पता लगाने का जिम्मा उठाया था, ताकि देश में उन्हें चिकित्सीय सुविधा प्राप्त कराई जा सकें। यह बीमारी 40 लाख में से किसी एक को होती है। प्रोजेरिया या हचिंसन-गिल्फोर्ड प्रोजेरिया जिससे निहाल पीडि़त था इसमें बच्चें अपनी उम्र से कई गुणा अधिक बड़े दिखने लगते हैं। ऐसे बच्चों की दिल का दौरा पड़ने से समय से पहले मौत होने के बहुत मामले दिखते हैं ।

पूरी हुई थी आमिर से मिलने की निहाल की ख्वाइश

निहाल की इस बीमारी का पता तब चला था जब वे 1 साल के थे। निहाल की हमेशा से तीन बड़ी इच्छाएं रही थीं। पहला डिजनीलैंड घूमने जाना, दूसरा होंडा असीमो रोबोट को देखना औऱ तीसरा आमिर खान से मिलना। पहली दो तो नहीं, लेकिन निहाल की तीसरी इच्छा जरूर पूरी हुई।

निहाल के लिए आमिर की फिल्म तारे जमीन पर प्रेरणा का श्रोत थी क्योंकि फिल्म में भी बच्चों की खास बीमारी के बारे में बताया गया था।

टीम निहाल के नाम से एक फेसबुक पेज है जो प्रोजेरिया रीसर्च फाउंडेशन के अंतर्गत काम करता है औऱ जागरुकता फैलाता है। इस पेज की तरफ से निहाल को भावपूर्ण श्रंद्धांजली दी गई है। लिखा गया है 'तुम्हारी आत्मा को शांति मिले निहाल। तुम हमेशा याद रहोगे।'

Latest India News