नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) ने राज्य के बाहर के छात्रों के लिए परीक्षाओं के नये कार्यक्रम की घोषणा की। संस्थान में हाल में हुए विवाद को देखते हुए इस महीने की शुरूआत में इन छात्रों ने अपनी परीक्षाएं छोड़ दी थीं।
एनआईटी प्रशासन ने अपनी वेबसाइट पर डाले गए एक आदेश में कहा कि परीक्षाओं में हिस्सा ना ले पाए छात्रों की माइनर-वन परीक्षा 5 से 8 मई के बीच आयोजित की जाएगी।
राज्य के बाहर के सैकड़ों छात्रों के परीक्षाएं छोड़ने के बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने उन्हें परीक्षाओं में दोबारा बैठने के लिए नयी तारीखें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। संस्थान प्रशासन ने एक दूसरे आदेश में घोषणा की कि सामान्य कक्षा संबंधी कामकाज 25 अप्रैल से बहाल हो जाएगा।
गत 31 मार्च को T20 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल मैच में वेस्टइंडीज के हाथों भारत की शिकस्त को लेकर संस्थान के छात्रों के दो समूहों में संघर्ष हुआ था।
Latest India News