नई दिल्ली: बिहार में पूरी तरह शराबबंदी के बाद शराब विरोधी मुहिम को समर्थन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजना अगले साल उत्तरप्रदेश समेत कुछ राज्यों का दौरा करने की है। माना जाता है कि राज्य के महिला मतदाताओं में नीतीश को लेकर जबरदस्त समर्थन है। उन्हें उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में कुछ महिला संगठनों की तरफ से आमंत्रण मिला है।
पार्टी के महासचिव के सी त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री इन राज्यों के दौरे पर राजी हो गए हैं और महिला संगठनों के साथ चर्चा करेंगे। पटना में 23 अप्रैल को जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष के तौर पर कुमार के चयन के पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारणी के पूर्व के फैसले को मंजूरी दी जाएगी।
त्यागी ने कहा, गांधीवादी और सर्वोदय आंदोलन से जुड़े कई महिला संगठनों ने कुमार को आमंत्रित किया है। त्यागी ने बताया, राजस्थान में जयपुर, महाराष्ट्र में वर्धा, उत्तराखंड में पिथौरागढ़ और उत्तरप्रदेश में कुछ जगहों से आमंत्रण है। मुख्यमंत्री मई में इन राज्यों में जाएंगे।
Latest India News