नई दिल्ली: दिल्लीवासी अब जल्द ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) के गाड़ियां चला सकेंगे। सरकार बुधवार को डिजिटल लॉकर के तहत एक योजना लॉन्च करेगी जिससे आप अपने डीएल और आरसी की सॉफ्ट कॉपी को सुरक्षित रख सकेंगे। इसकी मदद से सभी ज़रूरी काग़ज़ात की डिजिटल कॉपी संभाल कर रखी जा सकेगी। ट्रैफिक पुलिस के मांगने पर यही डिजिटल कॉपी मान्य मानी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक इसकी शुरुआत कम से कम दो राज्यों तेलंगाना और दिल्ली में होगी।
आज लॉन्च होगी यह योजना
परिवहन और आईटी मंत्रालय बुधवार को इस सिस्टम की शुरुआत करेगा। एनआईसी द्वारा तैयार किए गए एम-परिवहन में आप अपना ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन पेपर, व्हीकल इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट की स्कैन कॉपी अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित रख सकते हैं। एनआईसी के मुताबिक यह इंटरफेस और फीसर्च के मामले में तेलंगाना सरकार द्वारा लॉन्च की गई आरटीए-एम वॉलेट से कहीं बेहतर होगी।
एनआईसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक सरकार जल्द ही एम-परिवहन एप को भी लांच करेगी जिसमे परिवहन से जुड़ी सभी जानकारियां मौजूद रहेंगी। वहीं इसकी मदद से यूजर्स लाइसेंस रिन्युअल जैसी 20 से 30 अलग अलग सर्विस का भी फायदा उठा सकते हैं। अधिकारी के मुताबिक इस एप से जुड़ी सबसे बड़ी मुश्किल डेटा सिक्योरिटी की थी। लेकिन इस एप में सभी बातों का ख्याल रखा गया है।
Latest India News