विवादास्पद मुस्लिम धार्मिक गुरु डॉ. ज़ाकिर नाइक ने कहा है कि अब तक किसी भारतीय एजेंसी ने ढाका हमले के बाद उत्पन्न विवाद पर स्पष्टीकरण के लिए उनसे संपर्क नही किया है। उन्होंने कहा कि वह इस मसले पर किसी भी भारतीय सरकारी अधिकारी से सहयोग करने को सहर्ष तैयार हैं।
ग़ौरतलब है कि ढाका हमले के बाद नाइक विवादों में घिर गए हैं। कहा जा रहा है कि हमलावर नाइक से प्रभावित थे। नाइक पर आरोप है कि वह अपने पीस टीवी के ज़रिये सांप्रदायिक नफ़रत फैला रहे हैं। नाइक इस समय मक्का में हैं और उन्होंने वहां से एक बयान जारी किया है।
उन्होंने कहा, ''एक जुलाई को ढाका आतंकी हमले के बाद मीडिया द्वारा मेरे ट्रायल पर मैं हैरान हूं। टेलीविज़न पर मेरे दिखाए गए ज़्यादातर वीडियो क्लिप्स या तो संदर्भहीन हैं या अधूरी हैं या फिर छेड़छाड़ करके बनाई गईं हैं। प्रिंट में भी मेरे बयानों को तोड़ मरोड़ के पेश किया गया है। मेरे विचार से मीडिया दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण हथियार है। ये हीरो को विलैन या विलैन को हीरो बना सकता है।''
''मैंने टीवी या प्रिंट मीडिया को इंटरव्यूह देना पसंद किया होता लेकिन मुझे डर है कि ज़्यादातर टीवी और प्रिंट मीडिया उसे बिना संपादित किए या तोड़े मरोड़े पेश नहीं करेंगे। कुछ इंटरव्यूह को जिस तरह से टीवी या अख़बारों ने अपने हित में तोड़ मरोड़ के पेश किया है उससे मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं।'
नाइक ने बयान में कहा है, '' मैं दोहराना चाहूंगा कि मैं किसी भी रुप में आतंकवाद या हिसां का समर्थन नहीं करता। मैंने कभी भी किसी भी आतंकवादी संगठन का समर्थन नहीं किया है और ये बात मैंने सारी दुनिया में अपने भाषणों में भी कही है। अगर समय ने इजाज़त दी और ईश्वर की इच्छा रही तो मैं वीडियो पर आरोपों का जवाब देकर वीडियो मीडियो को दे दुंगा और वीडियो को सोशल मीडिया पर भी शेयर करुंगा।''
ये भी पढ़ें:जांच से डरा जाकिर नाइक? नहीं लौटेगा भारत, प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द
इस बीच नाइक के हिंदुस्तान लौटने पर सस्पेंस बना हुआ है। भारत में आज जाकिर नाइक का इंतजार हो रहा है। भारत में ज़ाकिर से पूछताछ की तैयारी चल रही थी लेकिन सूत्रों के मुताबिक जाकिर नाइक सोमवार को भारत लौटने के बजाए अभी कुछ दिन तक विदेश में ही रहेंगे। इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन ने जानकारी दी थी कि 12 जुलाई को मुम्बई के ट्राइडेंट होटल में जाकिर की प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी लेकिन अब ये प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी गई है।
Latest India News