ग्रेटर नोएडा: गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि पठानकोट आतंकी हमले को अंजाम देने वालों के बारे में प्रदान की गई सूचनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने के पाकिसतान के आश्वासन पर अविश्वास करने का भारत के पास कोई कारण नहीं है। उन्होंने ने यहां कहा, पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि वह प्रभावी कार्रवाई करेगी और मैं सोचता हूं कि हमें इंतजार करना चाहिए।
गृह मंत्री ने कहा कि चूंकि पाकिस्तान ने भारत सरकार को आश्वासन दिया है, इसलिए उनके उपर इतनी जल्दी अविश्वास करने का कोई कारण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, उनके ऊपर (पाकिस्तान) अविश्वास करने का इतनी जल्दी कोई कारण नहीं है।
आतंकी हमले के बाद भारत ने कहा था कि उसने पाकिस्तान को आतंकी हमले को अंजाम देने वालों पर कार्रवाई करने योग्य खुफिया सूचना उपलब्ध करायी है। सरकार ने कहा है कि पठानकोट आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ उनके पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ की टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान हमारे प्रधानमंत्री ने पुरजोर तरीके से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से कार्रवाई करने को कहा है।
इसने कहा है कि आतंकी हमले के संबंध में कार्रवाई करने योग्य खुफिया सूचना और पाकिस्तान में इसे अंजाम देने वाले के साथ संबंधों की जानकारी पाकिस्तानी पक्ष को प्रदान की गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने तत्परता से और निर्णायक कार्रवाई करने का वादा किया है। अब हम तत्परता से और निर्णायक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। पाकिस्तान से कल आई खबरों में कहा गया है कि पठानकोट हमले के संबंध में वहां की कानून अनुपालन एजेंसियों ने कुछ संदिग्धों को पकड़ा है।
Latest India News