नई दिल्ली: सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पाक रेंजरों के बीच स्वतंत्रता दिवस पर इस बार मिठाइयों और उपहारों का आदान प्रदान नहीं होगा। पाकिस्तान की ओर से सीमा पार करने की कोशिश और संघर्ष विराम उल्लंघन के मद्देजनर यह रस्म नहीं निभाई जाएगी।
BSF मुख्यालय ने यहां इस फैसले के बारे में देश के पश्चिमी सेक्टर में अपने सुरक्षा बल को सूचित कर दिया है जहां उसके जवान गुजरात, राजस्थान, पंजाब और जम्मू एवं कश्मीर में पाकिस्तान से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा की रक्षा के लिए तैनात हैं। नियंत्रण रेखा पर BSF सेना की कमान के तहत तैनात है।
BSF के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस 14 अगस्त और भारत की आजादी के दिन 15 अगस्त को मिठाई और उपहारों का आदान प्रदान इस बार नहीं होगा। फैसले से अपनी इकाइयों को अवगत करा दिया गया है। दोनों देशों के बीच संबंधों में खटास हाल में देखने को मिली थी जब पिछले माह ईद के अवसर पर भारत की ओर से इस तरह के सद्भाव को पाकिस्तान ने ठुकरा दिया था।
दोनों देशों की सीमाओं पर तैनात सुरक्षा बल जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा तथा पंजाब में अमृतसर के अटारी.बाघा सीमा पर एवं राजस्थान और गुजरात में कुछ जगहों पर राष्ट्रीय उत्सवों अथवा अन्य अवसरों पर मिठाई का आदान प्रदान करते रहे हैं।
पाकिस्तान लगातार संघषर्विराम उल्लंघन कर रहा है। जुलाई में ही उसने भारत पाक सीमा के पास 19 बार यह उल्लंघन किया। इसके अलावा पंजाब के गुरदासपुर तथा जम्मू कश्मीर के उधमपुर में दो आंतकी हमले हुए।
Latest India News