नोएडा की एक फ़र्ज़ी BPO ने ग्राहकों से पांच करौड़ रुपये ठगने के बाद बतौर ईनाम अपने 53 कर्मचारियों को चार दिन के लिए हनाई जहाज़ से मुफ़्त में गोवा की सैर कराई। मज़े की बात ये है कि इन कर्मचारियों को पता था कि वे फ़र्ज़ी कंपनी में काम कर रहे हैं लेकिन ईनाम पाकर बागबाग हो गए। इन सभी को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।
ये कंपनी नोएडा के सेक्टर 63 से काम करती थी. इन ''मेहनतकश'' कर्मचारियों ने बीमा ग्राहकों को बोनस के रुप में बड़ी रकम का लालच देकर तीन महीने में पांच करौड़ रुपये पीट डाले थे। ये मामला तब प्रकाश में आया जब उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फ़ोर्स ने 53 लोगों को गिरफ़्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन जालसाज़ों ने न सिर्फ फ़र्ज़ी कॉस सेंटर खोल रखे थे बल्कि जाली दस्तावेज़ के ज़रिये ISO सर्टिफिकेट भी हासिल कर लिया था। ये कंपनी परफार्मेंस बढ़ाने के लिए अपने कर्मचारियों को "employee of the month" जैसे ईनाम दिया करती थी।
पुलिस ने बीमा धारकों का डाटा कब्जें में ले लिया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि ब्रोकर्स और बीमा एजेंटों ने इस कंपनी को सूचनाएं बेची थीं। इस कंपनी के कर्मचारी ख़ुद को बड़ी बीमा कंपनियों का प्रतिनिधि बताते थे। बीमा धारकों के बारे में उनके पास पूरी जानकारी होती थी।
पुलिस अब बीमा कंपनियों की ख़बर लेगी क्योंकि उनके ग्राहकों का डाटा लीक हुआ है।
Latest India News