नई दिल्ली: रेल यात्रा टिकट कैंसिल कराने के लिए अब आपको रेलवे के काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। घर बैठे ही आप अपना टिकट अपने मोबाइल से कैंसिल करा सकते है। इसके लिए रेलवे पूछताछ नंबर 139 पर कॉल या एसएमएस करना होगा। इसके अलावा आप आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर भी टिकट कैंसिल करा सकते है।
इंडियन रेलवे के अफसरों का कहना है कि यह सुविधा उन यात्रियों के लिए है, जो काउंटर से टिकट खरीदते हैं। इस सुविधा के तहत काउंटर से टिकट लेने वाले यात्री कन्फर्म टिकट रद्द कराने के लिए जब 139 पर फोन करेगा तो यात्रियों को आईवीआर के मेनू में से विकल्प 6 को चुनना होगा। इसके बाद पैसेंजर को वन टाइम पासवर्ड मिल जाएगा। इसके बाद तय अवधि के भीतर पैसेंजर को काउंटर पर अपना टिकट लेकर पहुंचना होगा और उस पासवर्ड के जरिए टिकट रद्द कराकर रिफंड लेना होगा।
अगर कोई पैसेंजर एसएमएस से टिकट रद्द कराना चाहता है तो पैसेंजर को कैंसल शब्द लिखकर पीएनआर नंबर और फिर स्पेस देकर ट्रेन नंबर लिखकर उसे 139 पर एसएमएस करना होगा। उसके बाद पैसेंजर को मोबाइल पर ही ओटीपी मिल जाएगा। पैसेंजर को ट्रेन रवाना होने से कम से कम चार घंटे पहले टिकट कैंसिल करा सकते हैं।
ऑन लाइन टिकट कैंसिल कराने के लिए यूजर आईडी की आवश्यकता भी नहीं होगी। टिकट कैंसिल करवाने के बाद आप काउंटर पर जाकर निर्धारित समय के अंदर रिफंड राशि ले सकते हैं। हालांकि वेटिंग टिकट वालों को फिलहाल इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। यात्रा टिकट कंफर्म होना जरूरी है। शुक्रवार को इस सेवा की शुरुआत रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने रेल भवन से की।
प्रभु ने इसके साथ ही विदेशी पर्यटकों के लिए अमेरिकन एक्सप्रेस के डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भी ई-टिकट आरक्षण लेने की सुविधा शुरू की। पॉयलट प्रोजेक्ट सफल रहने पर इस तरह की सुविधा अन्य कार्ड पर भी दी जाएगी।
Latest India News