ढाका: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले आधिकारिक दौरे पर भूमि सीमा समझौते पर हस्ताक्षर के साथ इतिहास रचे जाने से उत्साहित बांग्लादेश अब जल्द ही तीस्ता जल साझेदारी मुद्दे को सुलझाने के लिए आशान्वित है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्री एएच महमूद अली ने भूमि सीमा समझौते के अनुमोदन के संदर्भ में पीटीआई से कहा, यहां इतिहास रचा गया। इस समझौते के तहत 111 सीमावर्ती बस्तियों को बांग्लादेश को सौंपा जाएगा जबकि बदले में 51 बस्तियां भारत का हिस्सा बनेंगी। अली ने मोदी के दौरे के नतीजों के बारे में कहा, हम बहुत खुश और प्रफुल्लित हैं। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री को श्रेय दिया और कहा कि ढाका हमेशा से भारत के साथ गहरा रिश्ता चाहता है।
दोनों देशो के बीच भूमि सीमा समझौते के अनुमोदन को कई अन्य क्षेत्रों में आगे बढने की दिशा में मील का पत्थर करार देते हुए अली ने कहा कि आम जनता भी द्विपक्षीय संबंधों में नई उर्जा महसूस कर सकती है।
विदेश मंत्री ने कहा कि मोदी की छह और सात जून की यात्रा ने बहुत मजबूत और करीबी रिश्तों की आधारशिला रखी। उन्होंने जल्द ही तीस्ता जल साझेदारी मुद्दा सुलझाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, हम इसे अंतिम रूप देने के लिए आशावान हैं। हमें इस पर काम करना है। हमें मोदी के दौरे से पैदा सदभावना और सौहार्द को आगे बढाना है। हमें निरंतर मेहनत करनी है।
Latest India News