नयी दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सम विषम योजना के प्रस्तावित दूसरे चरण के क्रियान्वयन को लेकर अपने मंत्रियों और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। परीक्षण कार्यक्रम एक से 15 जनवरी तक चलाया गया था और रविवार को इससे छूट दी गयी थी। विभिन्न मंचों के जरिए मिले सकारात्मक जवाब पर सरकार योजना को फिर से शुरू करने पर विचार कर रही है। दूसरे चरण के लिए योजना को फिर शुरू करने पर चार तारीखों का सुझाव आया है- 14 फरवरी, एक मार्च, एक अप्रैल और एक मई।
सम-विषम योजना पर एक आम शख्स ने दे डाली रोचक नसीहत
सम-विषम कार योजना पर खत्म हुए सार्वजनिक सलाह मशविरा कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के एक निवासी ने आप सरकार को सुझाव दिया कि जब इस योजना का दूसरा चरण लागू किया जाए तो दूल्हा और दुल्हन को लेकर जाने वाले वाहनों को इससे छूट दी जाए। अरविंद केजरीवाल सरकार ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में दो दिवसीय सार्वजनिक सलाह मशविरा कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें सम-विषम योजना के दूसरे चरण पर जनता की राय मांगी गई।
पश्चिम विनोद नगर में एक कार्यक्रम में, एक निवासी सत्यदेव भंडारी ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सलाह दी कि दिल्ली सरकार दूल्हा या दुल्हन को लेकर जाने वाले वाहनों को छूट दे। सत्यदेव के बेटे की उत्तराखंड की एक लड़की से जल्द शादी होने वाली है और इसी बात को ध्यान में रखकर उन्होंने यह सुझाव दिया।
Latest India News