नई दिल्ली: प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए उठाए गए कदम के तहत दिल्ली सरकार ने रविवार को कहा कि, ऑड नंबर वाली कारें सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेंगी जबकि ईवेन नंबर वाली कारें मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को चलेंगी। दिल्ली के गृहमंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि, सरकार पीसीआर वैन, दमकल वाहन, एंबुलेंस जैसी आपात स्थिति से निपटने वाले वाहनों को ही राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर चलने की इजाजत देगी।
पीडब्ल्यूडी एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शहर के जहरीले वायु को दूर करने के लिए सख्त उपाय किए जाने की जरूरत है और ऑड-ईवेन नंबर का फार्मूला सभी मंत्रियों और नौकरशाहों पर भी राष्ट्रीय राजधानी में लागू होगा।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा था कि, यदि लोगों को समस्या होगी तो सरकार 10..15 दिनों में इस कदम को रोक देगी। जैन ने बताया, ‘‘ऑड-ईवेन नंबर का फार्मूला सभी मंत्रियों और अधिकारियों पर भी लागू होगा। मैं भी इस पर अमल करूंगा और कारपूलिंग सेवा लूंगा।’’ मंत्री ने सरकार के इस फार्मूले पर लोगों से सुझाव भी मांगा है।
Latest India News