मलकानगिरी: जिले के जंगल में नक्सलियों ने आज BSF के एक गश्ती दल पर घात लगा कर हमला किया और बारूदी सुरंग में विस्फोट किया जिससे BSF के 3 कर्मी और 1 नागरिक की मौत हो गई तथा 6 अन्य घायल हो गए।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे BSF की 104वीं बटालियन का गश्ती दल मलकानगिरी जिले में अपने जनबाई बेस के समीप था और उसी समय नक्सलियों ने घात लगा कर हमला कर दिया। उन्होंने बारूदी सुरंग में विस्फोट किया और गोलीबारी करने लगे।
उन्होंने बताया हमले में एक सहायक उप निरीक्षक, हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल सहित तीन व्यक्ति मारे गए तथा कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट अशोक कुमार सहित छह लोग घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि हमले में एक नागरिक की भी मौत हो गई। BSF के वरिष्ठ कमांडर मौके पर पहुंच गए हैं।
उन्होंने बताया घायल अधिकारी की एक आंख चली गई है। उसे तथा अन्य घायलों को मलकानगिरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल के और जवानों को समीपवर्ती स्थलों से मौके पर भेजा गया है।
इलाके में BSF को नक्सल विरोधी अभियानों के लिए तैनात किया गया है। कल रात गश्त पर निकला दल इसी अभियान पर था जब उस पर हमला हुआ ।
चित्रकोंडा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक पिताबस धरूआ ने बताया कि गुरूप्रिय ब्रिज निर्माण स्थल के समीप जनबाई बेस कैंप से BSF के जवानों का दल नौका से चित्रकोंडा जलाशय पार करने के बाद चिंतमदोली घाट पहुंचा। उसी समय विस्फोट हो गया।
उन्होंने बताया कि घाट पर बारूदी सुरंग में विस्फोट होने के तुरंत बाद इलाके में मौजूद उग्रवादियों ने BSF जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। BSF कर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की।
मलकानगिरी पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक आर के दास ने बताया कि घायल हुए BSF के 6 जवानों को तत्काल यहां स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया।
उनके अनुसार, 3 जवानों की हालत गंभीर बताई जाती है।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी में जान गंवाने वाले जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया जा रहा है।
मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक मित्रभानु महापात्र सहित पुलिस और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल गए और स्थिति का जायजा लिया।
Latest India News