सहारनपुर: सहारनपुर में आज एक बुजुर्ग ने रेलगाड़ी के आगे कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर महेन्द्र यादव ने बताया कि थाना सदर बाजार के अन्तर्गत ब्रजेश नगर में रेलवे फाटक के पास 60 वर्षीय वृद्ध ने रेलगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने कहा, ‘प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उक्त वृद्ध काफी देर से रेलवे लाइन के पास बैठा हुआ था और जैसे ही ट्रेन आयी उसने पटरी पर अपना सिर रख दिया। सबकुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को उसे बचाने का मौका नहीं मिला।’
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसके थैले से कुछ दवाईयां, कुछ कागज और पैसे बरामद हुए लेकिन ऐसा कोई दस्तावेज नही मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने फिलहाल शव को जिला चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया है।
Latest India News