1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उमर बोले भाजपा के साथ हम नहीं बना रहे सरकार

उमर बोले भाजपा के साथ हम नहीं बना रहे सरकार

जम्मू-कश्मीर में भाजपा के साथ सरकार बनाने के वास्ते चर्चा के लिए नेशनल कान्फ्रेंस की तरफ से रजामंदी जताने के पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के बयान के एक दिन बाद उनके बेटे एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सारे कयासों को विराम दे दिया।

omar abdullah- India TV Hindi
omar abdullah

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में भाजपा के साथ सरकार बनाने के वास्ते चर्चा के लिए नेशनल कान्फ्रेंस की तरफ से रजामंदी जताने के पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के बयान के एक दिन बाद उनके बेटे एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यह कहते हुए भगवा पार्टी के साथ किसी तरह के तालमेल की गुंजाइश खारिज कर दी कि उनकी पार्टी सत्ता की भूखी नहीं है और विचारधारा के साथ समझौता नहीं करेगी।

उमर ने फेसबुक पर अपने आधिकारिक पन्ने पर कहा कि नेशनल कान्फ्रेंस सत्ता की भूखी नहीं है और ऐसी राजनीतिक सत्ता में उसकी रूचि नहीं है जो विचारधारात्मक समझौता कर के मिलती हो। हमने एक साल पहले भाजपा के साथ गठबंधन की संभावना छोड़ दी थी और ऐसा करने की वजह नहीं बदली है। उमर नेशनल कान्फ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि फारूक अब्दुल्ला एक काल्पनिक स्थिति पर आधारित एक काल्पनिक सवाल का जवाब दे रहे थे और उन्होंने कभी नहीं कहा था कि पार्टी भाजपा की हिमायत करेगी।

उमर ने कहा कि फारूक ने बस यही कहा था कि अगर भाजपा की तरफ से इस तरह का कोई आग्रह या प्रस्ताव मिलता है तो पार्टी की कार्यसमिति इसपर विचार करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं मिला जिसने उनकी टिप्पणी को शुद्ध रूप से इस तरह के मुद्दों से निबटने के सांगठनिक तरीकों की पुन: अभिव्यक्ति बना दिया और इससे ज्यादा कुछ नहीं है। उमर ने कहा कि पीडीपी भाजपा की सहयोगी है और उनके राजनीतिक गठबंधन में आए किसी गतिरोध से पीडीपी या भाजपा को निकालने के लिए नेशनल कान्फ्रेंस की कोई जिम्मेदारी नहीं है।

Latest India News