1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल मंदिर हादसा: चांडी ने कहा, दुर्घटनास्थल पर हालात खतरनाक

केरल मंदिर हादसा: चांडी ने कहा, दुर्घटनास्थल पर हालात खतरनाक

केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने आज पुत्तिंगल देवी के मंदिर में स्थिति को अभूतपूर्व और खतरनाक बताया जहां एक उत्सव के दौरान हुए विस्फोट में 84 से अधिक लोगों की जान चली गई।

oomen chandi condoles kerala temple accident.- India TV Hindi
oomen chandi condoles kerala temple accident.

तिरूवनंतपुरम: केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने आज पुत्तिंगल देवी के मंदिर में स्थिति को अभूतपूर्व और खतरनाक बताया जहां एक उत्सव के दौरान हुए विस्फोट में 84 से अधिक लोगों की जान चली गई। चांडी ने चुनाव के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और दुर्घटना स्थल की ओर जा रहे हैं।

उन्होंने बताया दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान पूरा हो चुका है। अब सरकार का ध्यान घायलों को अच्छे से अच्छा उपचार मुहैया कराने पर है। मृतकों की संख्या पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संख्या बढ़ेगी क्योंकि उन विभिन्न अस्पतालों से खबरें आ रही हैं जहां घायलों को भर्ती कराया गया है।

चांडी ने कहा यह अभूतपूर्व और खतरनाक स्थिति है। उन्होंने कहा कि घायलों को उनके परिजनों ने जिन अस्पतालों में पहुंचाया है वहां सरकार उन्हें इलाज की पूरी सुविधा प्रदान करेगी।

पुत्तिंगल मंदिर में भीषण आग से 84 लोगों की मौत, करीब 200 घायल

चांडी ने बातया कि राज्य के मुख्य सचिव से चुनाव आयोग को एक पत्र लिखने को कहा गया है जिसमे आयोग से यह अनुरोध किया जाएगा कि वह घायलों कोे इलाज की सुविधा दिए जाने को चुनाव आचार संहिता के दायरे से बाहर करने की मंजूरी दे दे।

परवूर स्थित पुत्तिंगल देवी के मंदिर में तड़के करीब तीन बजे एक विस्फोट होने से कम से कम 84 लोग मारे गए और लगभग 200 व्यक्ति घायल हो गए। मंदिर में उत्सव चल रहा था और करीब आधी रात को परिसर में आतिशबाजी शुरू हुई जिसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग वहां एकत्र हुए थे।

Latest India News