नई दिल्ली: सारदा चिटफंड घोटाले में सीबीआई ने पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम की पत्नी नलिनी चिदंबरम को पूछताछ के लिए समन भेजा है। रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई ने समन देकर नलिनी को पूछताछ के लिए बुलाया है। सीबीआई उनसे 10 मार्च को पूछताछ करेगी। नलिनी चिदंबरम को सीबीआई के कोलकाता दफ्तर में 10 मार्च को हाजिर होने के लिए कहा गया है। सीबीआई इससे पहले वर्ष 2014 में भी उनसे पूछताछ कर चुकी है।
रिपोर्ट के मुताबिक सारदा कंपनी के चीफ सुदीप्त सेन ने सीबीआई को 18 पेज का एक लैटर सौंपा था, जिसमें नलिनी चिदंबरम का नाम भी शामिल था। उन पर आरोप हैं कि वो रुपए नहीं देने पर सुदीप्त सेन को ब्लैकमेल भी करती थीं।
सुदीप्त ने सीबीआई को बताया था कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग सिंह के माध्यम से उसका नलिनी के साथ संपर्क हुआ था। उनके अनुसार नलिनी ने नॉर्थ-ईस्ट के टीवी चैनल को 42 करोड़ रुपए में खरीदने के लिए दबाव बनाया था।
गौरतलब है कि सोमवार को सीबीआई द्वारा दाखिल की गई छठवीं चार्जशीट में नलिनी का भी नाम शामिल है। नलिनी का नाम चार्जशीट में कोई गवाह या आरोपी के तौर पर नहीं लिया गया है। बल्कि ये कहा गया है कि नलिनी उस डील में राजदार थीं।
Latest India News