नई दिल्ली: दिल को छूने वाली एक पहल करते हुए पाकिस्तान उच्चायोग ने पहली बार भारत की कई जेलों में बंद पाकिस्तान के 500 से अधिक कैदियों को ईद से पहले ईदी भेजी है। पाकिस्तान उच्चायोग ने ट्विटर पर लिखा, पाकिस्तान उच्चायोग ने भारत में बंद पाकिस्तानी कैदियों को ईदी भेजी है, उनकी जल्द रिहाई और वतन वापसी के लिए कोशिशें जारी हैं।
ईद के मौके पर बड़ों से पैसे या किसी दूसरे रूप में मिलने वाले उपहार को ईदी कहते हैं। पाकिस्तानी सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी उच्चायोग ने अपने देश के कैदियों के लिए पहली बार इस तरह की कोई पहल की है। सूत्रों ने कहा, भारत की विभिन्न जेलों में 505 पाकिस्तानी कैदी बंद हैं। हमने संबंधित कैदियों के खाते में डालने के लिए जेल प्राधिकरणों को मनीऑर्डर भेजे हैं।
हालांकि उन्होंने हर कैदी को भेजी गयी धनराशि का खुलासा नहीं किया। सूत्रों ने कहा कि कैदियों को पैसे भेजने से जुड़ी डाक विभाग की प्रणाली में कुछ समस्याएं आ रही थीं। उन्होंने कहा, हमने डाक विभाग के उच्च अधिकारियों के सामने मामला उठाया जिसके बाद इसे सुलझा लिया गया।
Latest India News