1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत से बात करने के लिए तैयार: पाकिस्तान

भारत से बात करने के लिए तैयार: पाकिस्तान

पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि भारत जब भी तैयार होगा वह उससे बात करने के लिए तैयार है।

india pakistan- India TV Hindi
india pakistan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि भारत जब भी तैयार होगा वह उससे बात करने के लिए तैयार है। शांति प्रक्रिया बहाल किए जाने के बारे में पूछे जाने पर विदेश कार्यालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा, भारत जब तैयार होगा पाकिस्तान वार्ता के लिए तैयार रहेगा।

साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, यह सवाल बार बार पूछा जाता है और मैं इस बहस में नहीं पड़ना चाहता कि दोनों पक्षों ने क्या शब्द इस्तेमाल किए। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और भारत दो पड़ोसी है जिन्हें शांति और सौहार्द से रहना होगा।

पठानकोट आतंकी हमले की जांच के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग भारत का दौरा करने वाली जेआईटी के तथ्यों पर गौर कर रहा है और एक बार जांच पूरी हो जाने तथा रिपोर्ट तैयार होने पर हम साझा योग्य सूचना आपके साथ बांटेंगे।

भारतीय एनआईए टीम के पाकिस्तान दौरे पर उन्होंने कहा, मैं इस संबंध में किसी आधिकारिक अनुरोध से अवगत नहीं हूं।

Latest India News