1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नॉन स्टेट एक्टर्स को बढ़ावा देने से अलग-थलग पड़ा पाकिस्तान: पीपीपी

नॉन स्टेट एक्टर्स को बढ़ावा देने से अलग-थलग पड़ा पाकिस्तान: पीपीपी

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता ऐतराज अहसान ने गुरुवार को कहा कि नॉन स्टेट एक्टर्स (सत्ता प्रतिष्ठान से स्वतंत्र लोगों) को बढ़ावा देने के कारण कूटनीतिक रूप से पाकिस्तान दुनिया से अलग-थलग पड़ गया है।

Aitaz hasan PPP Leader- India TV Hindi
Aitaz hasan PPP Leader

इस्लामाबाद: पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता ऐतराज अहसान ने गुरुवार को कहा कि नॉन स्टेट एक्टर्स (सत्ता प्रतिष्ठान से स्वतंत्र लोगों) को बढ़ावा देने के कारण कूटनीतिक रूप से पाकिस्तान दुनिया से अलग-थलग पड़ गया है। समाचार पत्र डॉन के मुताबिक, "अहसान ने संसद के संयुक्त सत्र में कहा कि राष्ट्रीय कार्य योजना (एनपीए) के मुताबिक सरकार नॉन स्टेट एक्टर्स पर प्रतिबंध लगाने में पूरी तरह असफल रही है।"

देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

पीपीपी नेता ने कहा कि ऐसे नॉन स्टेट एक्टर्स द्वारा इस्लामाबाद, लाहौर, फैसलाबाद तथा कराची में खुलेआम विरोध-प्रदर्शन, रैलियां और भाषण जारी है। उन्होंने कहा, "मैं किसी भी देश में अस्थिरता नहीं चाहता, क्योंकि इन नॉन स्टेट एक्टर्स के कारण इसका इल्जाम हम पर ही आएगा।"

अहसान ने जम्मू-कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के ब्रिगेड शिविर पर आतंकवादी हमले में पाकिस्तान की भूमिका को कैबिनेट द्वारा नकारने की आलोचना की। 

उन्होंने कहा, "जब आप एनएपी को पूरी तरह लागू नहीं करेंगे और तब ऐसा कुछ होता है, तो इसका इल्जाम पाकिस्तान पर लगेगा और हम अलग-थलग पड़ जाएंगे। बांग्लादेश और अफगानिस्तान आपसे बात नहीं करेंगे तथा भूटान व नेपाल भारत का समर्थन करना शुरू कर देगा।"

अहसान ने कहा, "आपने पाकिस्तान को अलग-थलग कर दिया है।" कूटनीतिक रूप से पाकिस्तान के अलग-थलग होने के लिए प्रधानमंत्री नवाज शरीफ जिम्मेदार हैं, क्योंकि वह विदेश मंत्री भी हैं।

उन्होंने कहा, "पाकिस्तान का अलग-थलग पड़ना नवाज शरीफ की व्यक्तिगत नाकामी है। पाकिस्तान आखिर क्यों अलग-थलग पड़ गया है? ऐसा इसलिए है, क्योंकि आपने नॉन स्टेट एक्टर्स को शह दे रखी है।" गौरतलब है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लॉन्च पैड पर भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में संसद का विशेष सत्र चल रहा है।

Latest India News