नई दिल्ली: पठानकोट हमले में भारत के दावे को झुठलाते हुए पाकिस्तान ने कहा है कि इसमें मसूद अजहर का हाथ नहीं है। पाकिस्तान का कहना है कि भारत में हुए इस हमले में जैश-ए- मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर का हाथ होने के पुख्ता सबूत नहीं है। गौरतलब है कि पठानकोट एअरबेस पर हुए हमले में जवाबी कार्यवाही के दौरान 7 जवान शहीद हो गए थे।
दरअसल पाकिस्तान के एक समाचार पत्र ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के अनुसार इस मामले की जांच कर रहे दल का मानना है कि इस हमले के लिए अजहर ने योजना बनाई या नहीं इस बात का कोई पुख्ता सबूत नहीं है। आपको बता दें कि भारत के दवाब के चलते पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के आदेश पर पठानकोट एयर बेस पर हमले की जांच के लिए छह सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया था।
इस घटना पर भारत का दावा था कि इसे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने अंजाम दिया था और वो दक्षिणी पंजाब के जिले बहावलपुर से भारत में घुसे थे। यह दावा मोबाइल फोन से हुई बातचीत के आधार पर दिया गया। जानकारी के मुताबिक हमलावरों और पाकिस्तान में बैठे उनके आकाओं से हुई बातचीत का ब्योरा भारतीय गुप्तचर एजेन्सियों ने पाकिस्तान को सौंपा था। इस घटना के बाद पंजाब में जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ अभियान शुरु कर उसके कार्यालय को सील कर दिया गया।
Latest India News