नई दिल्ली: G-20 सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान से बौखलाए पाकिस्तान ने पुंछ में गोलिया और मोर्टार बरसाए हैं। PM मोदी ने कहा था कि दक्षिण एशिया में एक देश आतंकवाद बढ़ा रहा है, उस पर बैन लगना चाहिए।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि, पाकिस्तानी सैन्यबलों ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया, जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा के निकट भारतीय चौकियों पर मोर्टार दागे एवं गोलीबारी की गई।
जम्मू-कश्मीर में ऑल पार्टी डेलीगेशन लेकर गए गृहमंत्री राजनाथ सिंह थोड़ी देर बाद पीएम मोदी से मिलेंगे। राजनाथ सिंह दौरे को लेकर उन्हें ब्रीफ करेंगे।
कश्मीर में अशांति के दौर को खत्म करने के प्रयास के तहत यहां पहुंचे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का दौरा बिना किसी कामयाबी के खत्म हो गया, हालांकि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को कुछ सकारात्मक संकेत मिले। सिंह ने सांसदों से मुलाकात करने से इंकार करने को लेकर अलगाववादियों पर निशाना भी साधा।
हुर्रियत नेताओं के व्यवहार से नाखुश नजर आ रहे गृह मंत्री ने कहा कि अलगाववादियों के व्यवहार ने दिखा दिया कि वे कश्मीरियत, इंसानियत और जम्हूरियत में विश्वास नहीं करते। सिंह 20 पार्टियों के 26 सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रीनगर पहुंचे थे। यह प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर श्रीनगर से जम्मू पहुंचा और वहां कुछ घंटे बिताने के बाद दिल्ली लौट गया।
Latest India News