जम्मू: पाकिस्तान का एक विमान आज जम्मू के आरएसपुरा सेक्टर में भारतीय सीमा में दाखिल हो गया। विमान देखे जाने की सूचना बीएसएफ के जवानों ने दी। जवानों के मुताबिक दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर यह विमान भारतीय सीमा में दाखिल हुआ। हालांकि कुछ देर बाद ही वह वापस अपनी सीमा में लौट गया। बीएसएफ ने दिल्ली मुख्यालय में इस संबंध में रिपोर्ट भेज दी है।
पाकिस्तान की सीमा से भारतीय सीमा में दाखिल होने वाले विमान को एक सैनिक और वहां काम कर रहे कुछ लोगों ने देखा था। इन लोगों ने बीएसएफ के अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों को कहना था कि उन्होंने छह पंखों वाले रुपहले रंग के विमान को भारतीय सीमा में दाखिल होते देखा है।
हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि वह मानव चालित विमान था या फिर ड्रोन विमान था। वहीं इस खबर के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। भारतीय वायुसेना का कहना है कि उसके रडार पर ऐसा कुछ नहीं दिखा है।
Latest India News