भुज (गुजरात): भारत पाकिस्तान सीमा के पास कच्छ तट के समीप कोटेश्वर क्रीक क्षेत्र में बीएसएफ के एक गश्ती दल ने मछली पकड़ने वाली एक पाकिस्तानी नौका को जब्त किया है। नौका में बैठे लोग सीमा सुरक्षा बल के कर्मियों को देख कर भाग गए।
बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कोटेश्वर क्रीक इलाके में कल मछली पकड़ने वाली एक पाकिस्तानी नौका को जब्त किया गया है। नौका में सवार लोग गश्ती दल को देख कर पाकिस्तान की ओर भाग गए। उन्होंने बताया कि नौका में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।
पिछले पांच माह में बीएसएफ द्वारा इलाके में इस तरह की जब्ती की यह पांचवी घटना है। पिछले माह भी कोटेश्वर क्रीक इलाके से उन्होंने एक नौका जब्त की थी। इससे पहले जनवरी में सर क्रीक इलाके में एक नौका पाई गई थी। पिछले साल दिसंबर में कोटेश्वर के पास पडाला क्रीक के समीप मछली पकड़ने वाली एक नौका जब्त की गई थी जबकि कच्छ के एक अन्य इलाके में नवंबर में ऐसी दो नौकाएं मिली थीं।
वहीं, गुजरात के भुज में सुरक्षाबलों ने आर्मी कैंप के बाहर से एक संदिग्ध शख्स को गिरफ्तार किया है। इस शख्स के मोबाइल से सुरक्षाबलों को कुछ तस्वीरें बरामद हुई हैं जो प्रतिबंधित क्षेत्र की तस्वीरे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्मी इंटेलिजेंस की टीम इस शख्स से लगातार पूछताछ कर रही है। आर्मी ने इसे कैंप के पास तस्वीरें लेते हुए पकड़ा।
Latest India News