1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. स्वतंत्रता दिवस समारोह के वीडियो में पाक फाईटर जेट पर दिखा तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस समारोह के वीडियो में पाक फाईटर जेट पर दिखा तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए शूट किए गए एक वीडियो ने सरकार में कइयों को शर्मिंदा होने को मजबूर कर दिया क्योंकि इस वीडियो में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को तिरंगे के साथ उड़ते हुए दिखाया गया है।

Pak fighter Jet- India TV Hindi
Pak fighter Jet

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए शूट किए गए एक वीडियो ने सरकार में कइयों को शर्मिंदा होने को मजबूर कर दिया क्योंकि इस वीडियो में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को तिरंगे के साथ उड़ते हुए दिखाया गया है। ट्विटर पर पोस्ट किए गए इस वीडियो की तरफ यह ध्यान दिलाए जाने पर कि इसमें जेट विमान वास्तव में पाकिस्तानी विमान हैं, वीडियो को हटा लिया गया।

स्वतंत्रता के 70 वर्ष पर संस्कृति मंत्रालय के इस एक मिनट के वीडियो के शुरआती हिस्से में दो JF-17 को भारतीय तिरंगे के साथ एनिमेशन के क्रम में दिखाया गया।

एक सरकारी सूत्र ने बताया कि यह अनजाने में हुई एक चूक थी क्योंकि JF-17 भारत के हल्के लड़ाकू विमान तेजस जैसा दिखता है और एक आम नागरिक के लिए दोनों विमान में अंतर कर पाना मुश्किल है। हालांकि, गलती का एहसास होने पर इसे तुरंत हटा लिया गया।

JF-17 को पाकिस्तान और चीन द्वारा मिलकर विकसित किया गया है और दोनों ही देश वैश्विक स्तर पर आपूर्ति का आर्डर हासिल करने के लिए इस विमान को काफी प्रोत्साहित कर रहे हैं। दिलचस्प है कि JF-17 के लिए बातचीत करने वाले देश श्रीलंका ने इस विमान को खारिज कर दिया है और अब उसकी नजर तेजस पर है।

गौरतलब है कि मार्च, 2011 में पाकिस्तानी नौसेना ने अपने देश के कई अखबारों में पूरे पन्ने का विज्ञापन जारी किया था जिसमें भारतीय नौसेना के दिल्ली, गोदावरी और तलवार श्रेणी के युद्धपोतों को कई देशों के अमन-11 युद्धाभ्यास करते दिखाया गया था।

Latest India News