नई दिल्ली: लोकसभा में एक सांसद ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के कामकाज की तीखी आलोचना करते हुए उनके खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की। राजद से निष्कासित राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ बयान देकर उनका ही नहीं पूरे देश का अपमान कर रहे हैं। उन्हें इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
रंजन ने केजरीवाल का नाम लिए बिना कहा, दिल्ली के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल खड़े करते हैं और विपक्षी कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता सोनिया गांधी को जेल भेजने की मांग करते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ रंजन की कुछ टिप्पणियों पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने उनसे किसी का नाम नहीं लेने को कहा। दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री पर डिग्री मामले में निशाना साधे जाने पर रंजन ने कहा, क्या देश के प्रधानमंत्री इतने अशिक्षित हैं कि एक व्यक्ति लगातार उनकी साख को ठेस पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस तरह के काम करके लोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं तथा 120 करोड़ देशवासियों के सम्मान, गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं।
रंजन ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री झूठ पर झूठ बोल रहे हैं और देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उनके खिलाफ सीबीआई की जांच होनी चाहिए। जिस समय इस मुद्दे को उठाया गया, तब सदन में आप के चार सदस्यों में से एक भी उपस्थित नहीं था। शून्यकाल में इनेलो के दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा में कुछ महीने पहले जाट आंदोलन के दौरान सोनीपत के लाडसोली गांव समेत विभिन्न जगहों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों ने निर्दोष लोगों पर गोली चलाई। मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
Latest India News