पटना: केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के उस दावे को सिरे से नकार दिया है, जिसमें लालू ने कहा था कि पासवान ने बिहार के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों से बेहतर प्रदर्शन की बात का समर्थन किया है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष पसवान ने सोमवार को ट्वीट किया, "आज सुबह अखबारों के माध्यम से मुझे पता चला कि मेरे ट्विटर अकाउंट से लालूजी के एक ट्वीट को पसंद किया गया है, मैं खुद आश्चर्यचकित हूं।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं तो लालूजी के पोस्ट को देखा तक नहीं और मैं उनकी बातों को गंभीरता से भी नहीं लेता।" खाद्य एवं उपभोक्ता मामले के केंद्रीय मंत्री पासवान ने बिहार के विकास पर कड़ी प्रतिक्रया देते हुए आगे लिखा, "बिहार के विकास की बात लालू से क्या करें? लालू, नीतीश और राबड़ी के शासनकाल में बिहार में एक सूई की फैक्ट्री तक नहीं लगी है।"
उल्लेखनीय है कि लालू प्रसाद ने शनिवार को ट्विटर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल की तस्वीर के साथ ट्वीट किया था, "तथाकथित विकसित राज्यों को बुरी तरह पछाड़ते हुए बिहार 156 फीसदी विकास दर के साथ देश का अव्वल राज्य। कहां हैं मंगलराज वाले?"
इसके बाद लालू ने रविवार को अपने ट्विटर एकाउंट से रामविलास को धन्यवाद दिया। इसमें एक 'स्क्रीनशट' भी था, जिसमें लालू की पोस्ट को रामविलास लाइक करते दिख रहे हैं। लालू के इस ट्वीट के बाद बिहार का सियासी पारा चढ़ने लगा था। राजनीति के क्षेत्र में यह कयास लगाया जाने लगा था कि कहीं लालू और पासवान फिर साथ तो नहीं आ रहे! गौरतलब है कि लोजपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल है, जबकि राजद बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में है।
Latest India News