नयी दिल्ली/अमृतसर: पठानकोट आतंकी हमला मामले की जांच करने वाली एनआईए ने आज पंजाब पुलिस के एसपी सलविंदर सिंह और उनके दोस्तों के घरों और कार्यालय समेत पांच स्थानों की तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि एनआईए ने सिंह के अमृतसर और गुरदासपुर स्थित आवासों की तलाशी ली। एसपी के गुरदासपुर स्थित कार्यालय और उनके जौहरी मित्र राजेश वर्मा के आवास की भी तलाशी ली गई। आतंकवादियों ने कथित तौर पर वर्मा और एक रसोइए का अपहरण कर लिया था और वर्मार् के गले को जख्मी कर दिया था।
एनआईए के दल ने रसोइए मदन गोपाल, एसपी की महिला मित्र और जौहरी के आवास की भी तलाशी ली। दिल्ली में एनआईए द्वारा कई दिनों तक सिंह से पूछताछ के बाद यह घटनाक्रम सामने आई है। अमृतसर के पुलिस आयुक्त जतिन्दर सिंह अलख ने कहा कि एनआईए ने पुलिस से मदद मांगी थी जो उन्हें प्रदान की गई।
गौर हो कि पठानकोट में हमला करने वाले आतंकियों ने सलविंदर और उसके दो साथियों को अगवा कर लिया था। आतंकवादियों ने सलविंदर को बिना कोई नुकसान पहुंचाए ही छोड़ दिया था, इसीलिए सलविंदर की भूमिका सवालों के घेरे में है। इस बीच दिल्ली में एनआईए मुख्यालय में एसपी सलविंदर सिंह, सलविंदर के रसोइया मदन गोपाल और पंजपीर दरगाह के संचालक सोम से पूछताछ हो रही है। एनआईए कई दिनों से सलविंदर से पूछताछ कर रही है। एजेंसी सलविंदर का पॉलिग्राफ टेस्ट भी करवाएगी।
Latest India News