नई दिल्ली: आम जनता को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 2.25 रुपए प्रतिलीटर और डीजल की कीमत में 42 पैसे की कटौती करने का फैसला किया है। दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का असर भारत में भी देखने को मिला। साल के सातवें महीने जुलाई में यह दूसरा मौका है जब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में कटौती का फैसला किया गया है।
देश की सबसे बड़ी ईंधन खुदरा कंपनी इंडियन आयल कारपोरेशन का कहना है कि कटौती शुक्रवार मध्यरात्रि से प्रभावी होगी। इससे दिल्ली में पेट्रोल के दाम अब 64.76 रुपए से घटकर 62.51 रुपए प्रति लीटर हो जाएंगे। इसी तरह डीजल के दाम मौजूदा 54.70 रुपए से घटकर 54.28 रुपए प्रति लीटर रहेंगे। इन दामों में इसी महीने यह दूसरी कटौती है। इससे पहले एक जुलाई को पेट्रोल के दाम 89 पैसे जबकि डीजल के दाम 49 पैसे प्रति लीटर घटाए गए थे। जबकि इससे पहले एक मई से लेकर दाम में चार बार वृद्धि हुई थी। इंडियन आयल ने एक बयान में कहा कि पेट्रोल व डीजल के मौजूदा अंतरराष्ट्रीय मूल्यों तथा रुपए-अमेरिकी डालर विनिमय दर को ध्यान में रखते हुए यह कटौती की गई है।
Latest India News