1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UP के 14 मण्डलों का दौरा कर कांग्रेस का हाल जानेगी Team PK

UP के 14 मण्डलों का दौरा कर कांग्रेस का हाल जानेगी Team PK

कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से खड़ा करने की कवायद में जुटे रणनीतिकार प्रशान्त किशोर पीके की सात टीमें आगामी आठ से 22 मई के बीच प्रदेश के 14 मण्डलों का दौरा करके पार्टी की नब्ज टटोलने की कोशिश करेंगी।

Uttar Pradesh
- India TV Hindi
Uttar Pradesh

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में हाशिए पर पहुंच चुकी कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से खड़ा करने की कवायद में जुटे रणनीतिकार प्रशान्त किशोर पीके की सात टीमें आगामी आठ से 22 मई के बीच प्रदेश के 14 मण्डलों का दौरा करके पार्टी की नब्ज टटोलने की कोशिश करेंगी। प्रदेश कांग्रेस कम्युनिकेशन विभाग के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र मदान ने बताया कि किशोर की टीमें अगली आठ मई से देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, फैजाबाद, मिर्जापुर, चित्रकूट, झांसी, कानपुर, सहारनपुर, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, मुरादाबाद तथा बरेली मंडलों के तहत आने वाले जिलों का दौरा करेंगी।

उन्होंने बताया कि वे टीमें हर जिले में दो-दो दिन रूककर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालयों में पहले दिन जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं महासचिवों से तथा दूसरे दिन ब्लाक अध्यक्ष, फ्रन्टल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के जिला अथवा शहर अध्यक्षों से सामूहिक चर्चा करेंगी। साथ ही जिले के मौजूदा विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों तथा लोकसभा एवं विधानसभा के पूर्व प्रत्याशियों से उनके घर जाकर चर्चा करेंगी। इससे पहले, किशोर के सहयोगियों की 8-8 सदस्यीय तीन टीमें गत 26 अप्रैल से तीन मई तक सूबे के गोरखपुर, वाराणसी तथा इलाहाबाद का दौरा कर चुकी हैं।

मदान ने बताया कि इसी सिलसिले में कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निर्मल खत्री तथा प्रशान्त किशोर 10 मई को लखन में प्रदेश की सभी ब्लाक स्तरीय इकाइयों के अध्यक्षों की बैठक करेंगे। अगले दिन वे वाराणसी मण्डल, 12 मई को इलाहाबाद मण्डल तथा 13 मई को गोरखपुर मण्डल के सभी कंाग्रेस नेताओं से लखन में विचार-विमर्श करेंगे।

Latest India News