कानपुर: आईआईटी कानपुर में अध्ययनरत बीटेक और एमटेक छात्रों की कैंपस भर्ती प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी और अब तक करीब 1200 छात्रों ने नौकरी के लिये अपना पंजीकरण कराया है। आईआईटी परिसर में प्रथम चरण में आज से शुरू हुआ यह नियुक्ति मेला 24 दिसंबर तक चलेगा। अगले चरण जनवरी से मार्च माह के मध्य होंगे।
आईआईटी कानपुर के नियुक्ति प्रकोष्ठ से मिली जानकारी के अनुसार कि आईआईटी में चयन प्रक्रिया के लिये तैयारियां शुरू हो गयी है और इस बार देश विदेश की करीब 300 कंपनियों के आने की संभावना है। इनमें बहुराष्ट्रीय कंपनियों से लेकर देशी कंपनिया और भारतीय पीएसयू भी शामिल हैं। इस नियुक्ति अभियान में अब तक करीब 1200 छात्र छात्राओं ने अपना पंजीकरण कराया है लेकिन अभी और छात्र छात्राओं का पंजीकरण होगा क्योंकि कंपनियां 24 दिसंबर तक संस्थान में नियुक्ति अभियान चलायेंगी।
आईआईटी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बार संस्थान ने किस छात्र को कितना अधिक पैकेज मिला है इस बारे में घोषणा नहीं की जाएगी क्योंकि संस्थान का मानना है कि इससे कम पैकेज मिलने वाले छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ जाता है। छात्रों को तनाव मुक्त रखने के अनेक प्रयास किये जा रहे हैं।
Latest India News