लखनउ: भुवनेश्वर से दिल्ली जा रहे विमान को एक यात्री की तबीयत खराब होने की वजह से लखनउ स्थित चौधरी चरण सिंह हवाईअड्डे पर उतारा गया। हालांकि मुसाफिर को बचाया नहीं जा सका।
हवाईअड्डे के निदेशक एस. सी. होता ने आज यहां भाषा को बताया कि इंडिगो का एक विमान कल भुवनेश्वर से दिल्ली जा रहा था। उसमें सवार शिवकुमार पाणिग्रही(52) नामक यात्री को अचानक दिल का दौरा पड़ा। उसे चिकित्सीय मदद दिलाने के लिये विमान को लखनउ हवाईअड्डे पर रात आठ बजकर 17 मिनट पर आपात स्थिति में उतारा गया।
उन्होंने बताया कि हवाईअड्डा प्रशासन ने इसकी सूचना मिलते ही विमान के उतरने से पहले 108 एम्बुलेंस सेवा के लिये फोन कर दिया था। विमान उतरने के बाद पाणिग्रही को हवाईअड्डे पर फौरन प्राथमिक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करायी गई। तब तक एम्बुलेंस भी आ चुकी थी जिससे पाणिग्रही को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Latest India News