1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: पीएम मोदी ने कहा- 'अगले 21 दिन नहीं संभले तो देश 21 साल पीछे चला जाएगा'

Coronavirus: पीएम मोदी ने कहा- 'अगले 21 दिन नहीं संभले तो देश 21 साल पीछे चला जाएगा'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को संबोधित करते हुए कहा कि जहां अगले 21 दिनों के लिए संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया वहीं उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर अगले 21 दिन नहीं संभले तो देश 21 साल पीछे चला जाएगा।

PM Narendra Modi- India TV Hindi
Image Source : TWITTER PM Narendra Modi

नई दिल्ली:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को संबोधित करते हुए कहा कि जहां अगले 21 दिनों के लिए संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान किया वहीं उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर अगले 21 दिन नहीं संभले तो देश 21 साल पीछे चला जाएगा। उन्होंने रात 8 बजे देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि लोग अगले 21 दिनों तक अपने घरों में ही बंद रहें। क्योंकि कोरोना के संक्रमण के साइकल को रोकने के लिए यह बेहद जरूरी है।

पीएम मोदी ने कहा कि जो जहां हैं, वहीं रहें। उन्होंने कोरोना की व्याख्या करते हुए एक पोस्टर भी दिखाया जिसमें लिखा था कि-कोरोना यानी कोई रोड पर न निकले।

कोरोना वायरस संक्रमण से पैदा संकट पर राष्ट्र के नाम संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ आज रात 12 बजे से पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन होने जा रहा है।’’ उन्होंने कहा "हिंदुस्तान को बचाने के लिए, हिंदुस्तान के हर नागरिक को बचाने के लिए आज रात 12 बजे से घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जा रही है।"

मोदी ने कहा, ‘‘ देश के हर राज्य को, हर केंद्र शासित प्रदेश को, हर जिले, हर गांव, हर कस्बे, हर गली-मोहल्ले को अब लॉकडाउन किया जा रहा है।" उन्होंने कहा, यह एक तरह से कर्फ्यू ही है और जनता कर्फ्यू से थोड़ा ज्यादा सख्त है । उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस लॉकडाउन की एक आर्थिक कीमत देश को उठानी पड़ेगी। लेकिन, उन्होंने कहा, इस समय ‘‘एक-एक भारतीय के जीवन को बचाना मेरी, भारत सरकार की, देश की हर राज्य सरकार की और हर स्थानीय निकाय की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।"

संबोधन के दौरान हाथ जोड़कर लोगों से सरकारी निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए मोदी ने कहा, आने वाले 21 दिन हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो कोरोना वायरस के संक्रमण चक्र को तोड़ने के लिए कम से कम 21 दिन का समय बहुत अहम है । उन्होंने लोगों से अपील की कि "चाहे जो हो जाय, घर में रहें और एक ही काम करें कि अपने घर में रहें।"

उन्होंने कहा, यह धैर्य और अनुशासन का समय है और जब तक देश में लॉकडाउन की स्थिति है सबको अपना संकल्प और वचन निभाना है । मोदी ने कहा, "लॉकडाउन ने आपके घर के दरवाजे पर एक लक्ष्मण रेखा खींच दी है और आपको समझना है कि आपका घर से निकलने वाला एक कदम कोरोना को घर में ला सकता है।" उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने का इसके अलावा कोई तरीका नहीं है, कोई रास्ता नहीं है। कोरोना को फैलने से रोकना है, तो इसके संक्रमण की चक्र को तोड़ना ही होगा।

कोरोना वायरस को लेकर सरकार के उपायों की जानकारी देते हुए मोदी ने कहा कि कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए देश के स्वास्थ्य आधारभूत ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार ने आज 15 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।

Latest India News