नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कई अफ्रीकी राष्ट्रों के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र में सुधार, आतंकवाद की चुनौती से लड़ने और व्यापार तथा निवेश बढ़ाने के साथ ही विशेष रूप से तेल और गैस क्षेत्र पर बातचीत हुई। अफ्रीकी नेताओं ने महाद्वीप में भारत की विकास परियोजनाओं की सराहना की और स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा तथा क्षमता निर्माण समेत विविध क्षेत्रों में संबंध गहरे करने की वकालत की।
दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जुमा ने मोदी से मुलाकात में वैश्विक शासन प्रणाली के सुधार की पुरजोर वकालत करते हुए कहा कि दूसरे विश्वयुद्ध के बाद बनाया गया संयुक्त राष्ट्र का ढांचा 21वीं सदी में प्रासंगिक नहीं हो सकता। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार जुमा ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र में और खासतौर पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए सभी समान विचार वाले देशों का साथ में आना महत्वपूर्ण है।
अफ्रीकी देशों के राष्ट्रप्रमुखों और शासनाध्यक्ष कल यहां भारत अफ्रीका फोरम शिखर-सम्मेलन में भाग लेंगे। आतंकवाद के खतरे से निपटने के तरीकों पर जुमा और मोदी के बीच विस्तार से चर्चा हुई और दोनों ने इस बात पर जोर दिया कि इस समस्या से एकजुट तरीके से निपटने के लिए ठोस रणनीति की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति और अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष रॉबर्ट मुगाबे से भी मुलाकात की। दोनों ने संयुक्त राष्ट्र सुधारों और आतंकवाद के खतरे समेत समान हित के मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने घाना के राष्ट्रपति जॉन डी महामा से भी मुलाकात की और दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। बातचीत में बढ़ते द्विपक्षीय व्यापार का विषय भी आया और दोनों नेताओं ने कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, साइबर सुरक्षा तथा समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने इन अफ्रीकी राष्ट्रों के प्रमुखों से की मुलाकात:
दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जुमा, जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति और अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष रॉबर्ट मुगाबे, घाना के राष्ट्रपति जॉन डी महामा, स्वाजीलैंड के किंग एम तृतीय, बेनी के राष्ट्रपति बोनी यायी, नाइजीरियाई राष्ट्रपति मोहम्मदू बुहारी, केन्या के राष्ट्रपति उहुरू केनयात्ता, युगांडा के राष्ट्रपति योहेरी मुसुवेनी
अगली स्लाइड पर देखिए पीएम मोदी के साथ अफ्रीकी नेताओं के मुलाकात की कुछ तस्वीरें
Latest India News