1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जानिए कौन है वो इमरान खान जो रातों रात दुनिया में छा गया

जानिए कौन है वो इमरान खान जो रातों रात दुनिया में छा गया

अलवर: राजस्थान के मेवात क्षेत्र के अलवर का 37 वर्षीय शिक्षक इमरान खान अपनी लगन और काम की वजह से दुनिया में छा गया जब कल रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिटेन के वेम्बले स्टेडियम

रातों रात दुनिया में...- India TV Hindi
रातों रात दुनिया में छा गया अलवर का इमरान खान

अलवर: राजस्थान के मेवात क्षेत्र के अलवर का 37 वर्षीय शिक्षक इमरान खान अपनी लगन और काम की वजह से दुनिया में छा गया जब कल रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिटेन के वेम्बले स्टेडियम में दिये सम्बोधन में इमरान खान की जमकर तारीफ की।

जब वेम्बले स्टेडियम में PM मोदी ने की तारीफ

प्रधानमंत्री द्वारा इमरान खान की उपलब्धियों का जिक्र करने के बाद तो उसकी दुनिया ही बदल गयी। इमरान खान आज सुबह से अधिकारियों एवं मीडियाकर्मियों से घिरा हुआ है। केन्द्र और राजस्थान सरकार ने इमरान खान का सम्मान किया है। केन्द्रीय संचार एवं आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इमरान खान से करीब दस मिनट तक फोन पर बातचीत की और शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किये गये एप के लिए बधाई दी।

मोदी ने ब्रिटेन में अलवर के इमरान के बारे कहा- राजस्थान में अलवर करके एक जिला है। अलवर में इमरान खान नाम का एक व्यक्ति है। ये इमरान खान शिक्षा के लिए समर्पित है। अलवर जैसे छोटे स्थान के इमरान ने मोबाइल की 50 एप बनाई हैं। वो भी विद्यार्थियों के काम आए ऐसी शिक्षा के लिए समर्पित एप बनाई है। इमरान खान ने ये 50 एप उतने ही विद्यार्थियों के नाम मुफ्त में समर्पित भी कर दी। मेरा हिंदुस्तान अलवर के इमरान खान में बसता है।

जीवनभर के लिए मिला फ्री इंटरनेट

भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने इमरान खान को जीवनभर के लिए फ्री डाटा कनेक्शन उसके घर पर शुरू भी कर दिया है। भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड (अलवर) के महाप्रबंधक अरूण कुमार ने कहा केन्द्रीय संचार एवं आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इमरान खान की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी और करीब दस मिनट तक बातचीत की है। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल ने इमरान खान को ताजिदंगी मुफ्त बीएसएनएल ब्रॉडबैंड कनेक्शन दिया है यह कनेक्शन आज उसके घर पर शुरू भी हो गया है।

इमरान की कहानी

अलवर के लक्ष्मीनगर इलाके में एक छोटे से मकान में जीवन बसर कर रहे जून 1978 में जन्मे शिक्षक इमरान खान की जिदंगी उसके छोटे भाई के कम्प्यूटर ने बदल दी और इसको आगे पहुंचाया। अलवर के तत्कालीन जिला कलेक्टर आशुतोष ए पंडेण्कर ने उन्हें अलवर जिले को लेकर बनने वाले एप को लेकर बातचीत की और जिम्मेदारी सौंपी।

इमरान खान ने कहा, तत्कालीन जिला कलेक्टर आशुतोष जी ने कहा अब वेबसाइट का नहीं एप का जमाना है, तुम इस पर काम करो। इमरान खान ने कहा, ‘मैंने कभी भी कम्प्यूटर की प्राथमिक प्रशिक्षण नहीं लिया, न ही किसी संस्थान में प्रशिक्षण लेने गया। मैं शुरू में कम्प्यूटर पर गेम खेलता था और फिर मैंने गूगल की मदद से वेबसाइट बनाना सीख लिया। गूगल पर सब कुछ मिल जाता है और मैंने इसका भरपूर उपयोग किया।’

खान ने कहा कि शिक्षा पर आधारित अब तक 52 एप बना चुके है और दावा किया कि इन एप को करीब 30 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका है।

किसान सूलेमान खान के चार पुत्रों में तीसरे नम्बर के पुत्र इमरान खान ने कहा, मैने प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, प्रतियोगी परीक्षाओं और एनसीईआरटी का एप बनाया है।

इमरान खान ने कहा, ‘मैंने कल रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्बोधन को नहीं सुना था लेकिन उसके बाद एक परिचित का फोन आया जिसमें प्रधानमंत्री द्वारा मेरे नाम करने की जानकारी देने के बाद यू ट्यूब से सम्बोधन को सुना। इसके बाद तो फोन आने का सिलसिला शुरू हो गया जो दिन निकलने के साथ व्यक्तिगत रूप से मिलकर और फोन पर बधाईयां देने का क्रम तेज हो गया।’

Latest India News