1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी ने ओल्ड एज होम में रह रहे महात्मा गांधी के पोते से की बात

PM मोदी ने ओल्ड एज होम में रह रहे महात्मा गांधी के पोते से की बात

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पत्नी के साथ वृद्धाश्रम में रह रहे महात्मा गांधी के पौत्र कनुभाई गांधी से आज बात की और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा को उनसे मिलने का निर्देश दिया।

kanubhai gandhi- India TV Hindi
kanubhai gandhi

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पत्नी के साथ वृद्धाश्रम में रह रहे महात्मा गांधी के पौत्र कनुभाई गांधी से आज बात की और संस्कृति मंत्री महेश शर्मा को उनसे मिलने का निर्देश दिया। इसी के अनुसार, शर्मा ने कनुभाई से मुलाकात की और दक्षिण दिल्ली के गौतमपुरी में गुरू विश्राम वृद्ध आश्रम में उनके साथ करीब 45 मिनट बिताए। बातचीत के बाद मोदी ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि दंपति आरामदायक तरीके से रहें।

पीएमओ ने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री ने कनुभाई गांधी के बारे में खबरों पर संज्ञान लिया। उन्होंने मंत्री महेश शर्मा को कनुभाई से मिलने के लिए कहा।’ पीएमओ ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘प्रधानमंत्री और कनुभाई की लंबी बातचीत हुई। उन्होंने गुजराती में बात की और चर्चा बहुत अच्छी रही।’ बाद में कनुभाई ने कहा कि वह मोदी के पुराने प्रशंसक हैं और उन्हें (मोदी) वे सभी मदद याद हैं जो उन्होंने की।

उन्होंने कहा कि उस समय सोनिया गांधी हम दोनों के खिलाफ थीं। उन्होंने कहा, मोदी ने गुजराती में सबकुछ समझा। बाद में शर्मा ने कहा कि मोदी ने दंपति को सभी तरह की मदद का प्रस्ताव दिया है। कल दिल्ली के अजा, अजजा कल्याण, महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप कुमार ने उनसे मुलाकात की थी।

अमेरिका में करीब चार दशक बिताने के बाद कनुभाई (87) और उनकी 85 वर्षीय पत्नी शिव लक्ष्मी गांधी वर्ष 2014 में भारत लौटे थे और उन्होंने गुजरात के विभिन्न आश्रमों में डेढ साल बिताया और आठ मई को दिल्ली के आश्रम में आए हैं। कनुभाई महात्मा गांधी के तीसरे पुत्र रामदास के सबसे बड़े बेटे हैं। कनुभाई 17 वर्ष की उम्र में भारत छोड़कर चले गये थे और उन्होंने प्रतिष्ठित मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी में पढाई की थी और बाद में नासा के लांगले अनुसंधान केन्द्र में काम किया था। उनकी पत्नी ने बायोकैमिस्ट्री में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की है।

Latest India News