दक्षिण अफ्रीका: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल से शुरू हो रही दक्षिण अफ्रीका यात्रा से पहले इस देश की विदेश मंत्री ने आज कहा कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच विद्यमान मधुर संबंध और प्रगाढ़ एवं मजबूत होंगे। दक्षिण अफ्रीका की अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं सहयोग मंत्री मैते निकोओना-माशबाने ने कहा, दक्षिण अफ्रीका और भारत के साझे मूल्य और उद्देश्य हैं जिनकी बुनियाद दक्षिण अफ्रीका में उपनिवेशवाद के खिलाफ तथा मुक्ति और लोकतंत्र के लिए संघर्ष के दौरान ही पड़ गयी थी।
मोदी अफ्रीका की पांच दिवसीय यात्रा के तहत दक्षिण अफ्रीका में होंगे। इस यात्रा के दौरान वह मोजाम्बिक, तंजानिया और केन्या भी जायेंगे। दैनिक न्यू ऐज के अनुसार भारत की पूर्व उच्चायुक्त निकोओना-माशबाने ने कहा, भारत ने रंगभेद व्यवस्था को अलग थलग करने में अहम भूमिका निभायी जिसके फलस्वरूप उनके बीच दोस्ती एवं एकता का साझा इतिहास है। उन्होंने कहा कि मोदी की यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत के साथ वाणिज्यिक एवं व्यापारिक संबंधों का संवर्धन तथा निजी क्षेत्रों के बीच संपर्क को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा, इस सिलसिले में यात्रा के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोरम और दक्षिण अफ्रीका भारत व्यापार फोरम की योजना बनायी गयी है ताकि कारोबारी अवसरों को सुगम बनाया जा सके। निकोओना-माशबाने ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका उन तौर तरीकों को भी खंगालेगा जिससे रक्षा, गहरे खनन, नवीकरणीय उर्जा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में नये बाजारों की पहचान कर भारत में निर्यात बढ़ाया जा सके और उसमें विविधिता लायी जा सके। व्यापारिक बैठकें निवेश के क्षेत्रों की पहचान कर दक्षिण अफ्रीका में भारतीय कंपनियों द्वारा निवेश को बढ़ावा देने का भी काम करेंगी।
Latest India News