नई दिल्ली. पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के संबोधित करते हुए कहा कि भारत की प्रगति में तो हमेशा विश्व की प्रगति समाहित रही है, भारत के लक्ष्यों और कार्यों का प्रभाव विश्व पर पड़ता है। जब भारत खुले में शौच से मुक्त होता है तो दुनिया की तस्वीर बदलती है। टीवी, कुपोषण, पोलियो, भारत के अभियानों का असर दुनिया पर पड़ता ही है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल सोलर अलायंस, ग्लोबर वॉर्मिंग के खिलाफ भारत की सौगात है। इंटरनेशनल योगा दिवस की पहल, मानव जीवन को तनाव से मुक्ति दिलाने के लिए भारत का उपहार है। पीएम मोदी ने कहा कि जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही दुनिया में आज भारत की दवाइयां एक नई आशा लेकर पहुंचती हैं। इन कदमों से दुनिया भर में भारत की भूरि-भूरि प्रशंसा होती है, तो हर भारतीय गर्व करता है।
पीएम मोदी ने कहा, "दुनिया को विश्वास होने लगा है कि भारत बहुत अच्छा कर सकता है, मानव जाति के कल्याण के लिए बहुत कुछ अच्छा दे सकता है। सवाल यह है - कि आखिर कैसे? इस सवाल का भी उत्तर है- 130 करोड़ देशवासियों का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प।"
Latest India News