रायपुर: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में न्यायाधीश के बंगले में बकरी घुस गई। इस घटना के बाद पुलिस ने बकरी मालिक को गिरफ्तार कर लिया और उसे भेज दिया गया है।
कोरिया जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज बताया जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी एच रात्रे के बंगले में बकरी घुसने के मामले में पुलिस ने बकरी मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
जनकपुर थाने के थाना प्रभारी आर एस पैकरा ने बताया कि कस्बे में रहने वाले अब्दुल हसन 40 की बकरी करीब के न्यायाधीश के बंगले में अक्सर घुस जाती थी और वहां पौधों को चट कर जाती थी। इससे नाराज न्यायधीश ने पुलिस से बकरी मालिक की शिकायत की थी।
पैकरा ने बताया कि सोमवार को जब बकरी दीवार फांदकर न्यायधीश के बंगले में घुसी तब न्यायधीश के चपरासी ने इसकी शिकायत पुलिस में की। बाद में पुलिस बकरी और उसके मालिक अब्दुल हसन को थाना ले आई। पुलिस ने हसन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 447 और 427 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और बकरी को छोड़ दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने हसन को तहसीलदार के सामने पेश किया जहां से उसे दो दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है।
देखे वीडियो-
Latest India News