नई दिल्ली: पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में बीती रात एएसपी राकेश कुमार पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि पेट्रोलिंग के दौरान एएसपी गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे, उसी वक्त उन पर कुछ बदमाशों ने फायरिंग की।
राकेश कुमार को गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। साथ ही उनका बॉडीगार्ड भी घायल है।
एएसपी को सिर, बांह और पीठ में गोली लगी है। एएसपी ने भी जवाबी फायरिंग की। गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गए।
एसएसपी विकास वैभव ने बताया कि घायल एएसपी और उनके बॉडीगार्ड को पीएमसीएच में ले जाया गया है। बॉडीगार्ड की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही देर रात डीजीपी पीके ठाकुर, एडीजी सुनील कुमार और पुलिस महकमे के आला अधिकारी पीएमसीएच पहुंच गए। अपराधियों की धरपकड़ के लिए शहर में नाकेबंदी और छापेमारी की जा रही है।
अपराधियों के दुस्साहस का इसी से पता चलता है कि उन्होंने राजधानी के हाई सिक्योरिटी जोन कहे जाने वाले इलाके में वारदात को अंजाम दिया। यह वह इलाका है जहां अक्सर पुलिस गश्त होती रहती है। राकेश कुमार 2013 बैच के आईपीएस अफसर हैं।
Latest India News