नई दिल्ली: बैंक में मामूली विवाद के चलते कैशियर से उलझने वाली महिला के साथ मेरठ पुलिस की ज्यादती का मामला सामने आया है। मेरठ की महिला पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ इस महिला की पिटाई की बल्कि उसे सरेराह मुर्गा बनाकर उसे जलील भी किया। हालांकि मामले पर बढ़ते दबाव के कारण पुलिस ने महिला को उसके घर भेजकर मामले को दबाने की कोशिश की है।
दरअसल बीते शुक्रवार को शहर में रहने वाली ममता नाम की एक महिला एसबीआई की स्थानीय शाखा में कुछ काम से गई थी। बैंक में पैसे जमा कराने के दौरान ही बैंक कैशियर से उसकी थोड़ी नोकझोक हो गई। इतना होते ही कैशियर ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी और पुलिस तुरंत ही मौके पर आ गई। पुलिस वहां पर पहुंची जिसमें कुछ महिला कांस्टेबल भी थी। इन्होंने महिला के साथ ज्यादती की और पुरुष जवानों के साथ मिलकर उसे गाड़ी में डाल दिया। तपती धूप में महिला को थाने ले जाकर मुर्गा बनवाया गया। हालांकि जैसे ही पुलिस को लगा कि मामला तूल पकड़ता जा रहा है और यह बात मीडिया के जरिए वायरल हो रही है पुलिस ने महिला को घर भेज दिया। जहां एक ओर पीड़िता महिला का कहना है कि पुलिसवालों ने उसकी पिटाई की है वहीं थाने की एएसआई का कहना है कि महिला मानसिक रुप से बीमार है।
Latest India News