1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर में आतंकियों ने पुलिस कांस्टेबल को गोली मारी

कश्मीर में आतंकियों ने पुलिस कांस्टेबल को गोली मारी

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में अलगाववादी आतंकवादियों ने शनिवार को एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी।

kashmir- India TV Hindi
kashmir

श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में अलगाववादी आतंकवादियों ने शनिवार को एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल खुर्शीद अहमद गनई ड्यूटी के लिए कोइल गांव स्थित अपने घर से निकले ही थे कि आतंकवादी सामने आ गए और काफी करीब से उन्हें गोली मार दी। उनकी घटनास्थल पर ही जान चली गई।"

दो दिन पहले पुलवामा जिले में ही भीड़ में छिपे आतंकवादियों ने भीड़ नियंत्रित कर रहे सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंके थे, जिसमें 15 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे।

महबूबा दिल्ली में, आज मोदी से मिलेंगी

जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती शुक्रवार शाम दिल्ली पहुंचीं। उम्मीद की जा रही है कि वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगी और कश्मीर घाटी में हालात पर चर्चा करेंगी। दिल्ली में श्रीनगर के सरकारी सूत्रों ने कहा कि महबूबा मोदी से उनके 7 रेसकोर्स आवास पर मिलेंगी। महबूबा की मोदी के साथ बैठक ऐसे समय में होगी, जब हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय कश्मीर दौरे से लौटे हैं। हालांकि उनके दौरे के बावजूद कश्मीर में हालात जस के तस हैं और अलगाववादियों ने आंदोलन का रास्ता नहीं छोड़ा है।

कश्मीर में आठ जुलाई को हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से हिंसक प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन की वजह से घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त है और हिंसक प्रदर्शन में अब तक 70 लोगों की मौत हो चुकी है।

Latest India News