नई दिल्ली: बिहार बोर्ड के हालिया घोषित 12वीं के नतीजों में पॉलिटिकल साइंस में टॉप करने वाली रूबी राय से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कई चैनलों पर भी दिखाए गए इस वीडियो में वे पॉलिटिकल साइंस सब्जेक्ट में खाना बनाना सिखाए जाने की बात कहती नजर आती हैं।
वीडियो में रूबी अपने विषयों से जुड़े मूलभूत सवालों के जवाब देने में नाकाम दिखती हैं। रूबी को पॉलिटिकल साइंस में 500 में 444 नंबर मिले हैं। यहां तक कि वे पॉलिटिकल साइंस को ‘प्रॉडिकल साइंस’ कहती हैं।
एक अन्य छात्र जो विज्ञान का टॉपर है, वह इस मामूली सवाल का जवाब ही नहीं दे पाया कि पानी और एचटूओ में क्या संबंध है। पिछले हफ्ते ही परीक्षा परीणाम आने के बाद छात्रों से एक स्थानीय चैनल ने इंटरव्यू के दौरान ये सवाल पूछे थे।
शर्मिंदगी में सरकार को कहना पड़ा कि लगभग 15 लाख छात्रों में से पहले 10 की अगले सप्ताह फिर से परीक्षा ली जाएगी। शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने माना कि ऐसा लगता है कि या तो किसी और ने इन छात्रों की जगह परीक्षा दी है या फिर इनकी उत्तरपुस्तिका जमा होने के बाद बदल दी गई है।
वैसे तो टॉपर्स राज्य के अलग-अलग हिस्से से हैं, लेकिन उनमें से अधिकांश राजधानी पटना से मात्र 20 किमी दूर हाजीपुर के वीएन राय कॉलेज के ही छात्र हैं, इसलिए इसमें नकल का मामला होने की संभावना ज्यादा है।
Latest India News