नई दिल्ली: भाजपा ने आज आरोप लगाया कि पठानकोट हमले से निपटने के सरकार के तरीके पर सवाल खड़ा करके कांग्रेस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही है और आतंकवाद की समस्या के लिए जिम्मेदार लोगों को इसे हल करने की कोशिश कर रहे लोगों से सवाल नहीं करना चाहिए। भाजपा के सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब अभियान चल रहा हो, ऐसे में कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है। बेहतर होगा कि हम आतंकवाद को राजनीतिक रंग नहीं दें। आतंकवाद तीन दशक से अधिक पुरानी समस्या है और यह हमें कांग्रेस से विरासत में मिली है।
उन्होंने कहा, हमारी सरकार लगातार इस समस्या को सुलझाने के लिए काम कर रही है। कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। समस्या के लिए जिम्मेदार लोगों को इसका समाधान करने के प्रयास कर रहे लोगों से सवाल नहीं करना चाहिए। शर्मा ने कहा कि भारत में आतंकवाद के लिए जिम्मेदार लोगों को देश अपनी भाषा में जवाब देगा। लेकिन उन्होंने पठानकोट हमले के भारत-पाक वार्ता पर संभावित असर पर सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सही समय पर फैसला किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक राय बनाने में कड़ी मेहनत की है और इससे तथा भारत की आर्थिक प्रगति से हताश लोग आतंकी हमले के पीछे हैं।
Latest India News