भोपाल: महाराष्ट्र से भाजपा की लोकसभा सांसद पूनम महाजन द्वारा दो दिन पहले मध्यप्रदेश के बीना से भोपाल तक रेलवे की स्पेशल ट्रेन में की गई यात्रा पर सांसद के अधिकार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, जबकि रेलवे ने सांसद को किसी तरह की वीआईपी सुविधा उपलब्ध कराए जाने से इंकार करते हुए कहा कि स्पेशल ट्रेन रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के लिए भेजी गई थी।
पश्चिम-मध्य रेलवे जोन के महाप्रबंधक रमेश चन्द्रा ने बताया, वास्तव में प्रोटोकॉल के मुताबिक स्पेशल ट्रेन रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के लिए एक दिन पहले यानी 31 मई को भोपाल से सागर जिले को भेजी गई थी। महाप्रबंधक ने बताया कि सिन्हा सागर में रेलवे के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम में सांसद पूनम महाजन भी शरीक हुई थीं। इसके बाद दोनों स्पेशल ट्रेन से सागर से निकट बीना पहुंचे और रेल राज्य मंत्री ने बीना में रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक समारोह के बाद सिन्हा को स्पेशल ट्रेन से भोपाल वापस लौटकर विमान से दिल्ली जाना था, लेकिन समारोह में देर होने की वजह से सिन्हा अंतिम क्षणों में अपने तय कार्यक्रम में बदलाव करते हुए बीना से ट्रेन द्वारा सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा, एक सैलून और एक एसी कोच वाली स्पेशल ट्रेन को वापस भोपाल आना ही था तो सांसद पूनम भी उसमें सवार होकर भोपाल पहुंच गईं। इसमें इससे अधिक और कुछ मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। यह मात्र एक संयोग था।
रेलवे के नियमों के मुताबिक सांसद के लिए स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई जा सकती है। चन्द्रा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रमोद महाजन की बेटी और सांसद पूनम को किसी प्रकार की वीआईपी सुविधा देने के आरोप को खारिज किया। उन्होंने कहा, नियमों के खिलाफ जाकर पूनम महाजन को वीआईपी सुविधा नहीं दी गई है। इस मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के के मिश्रा ने कहा कि पूनम को नियमों के खिलाफ जाकर रेलवे द्वारा वीआईपी सुविधा दी गई है। अत: इस हेतु जिम्मेदार रेलवे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारियों द्वारा सांसद को विशेष ट्रेन में यात्रा की अनुमति देकर नियमों का उल्लंघन किया है। किसी भी सांसद को इस तरह की सुविधा नहीं दी जा सकती है। मिश्रा ने कहा, इसकी जांच होनी चाहिए कि पूनम ने रेल यात्रा के लिए टिकट लिया था या नहीं। यदि पूनम ने बिना टिकट ट्रेन में यात्रा की है तो उनके खिलाफ मुकदमा चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, प्रत्येक सांसद को ट्रेन में सवार होने से पहले टिकट खरीदना अनिवार्य होता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस घटना से यह जाहिर होता है कि केन्द्र की एनडीए सरकार अपने हर बजट में रेलवे के किराए में बढ़ोतरी कर आम जनता पर बोझ बढ़ा रही है, वहीं दूसरी और अपने सांसदों को इस तरह की विशेष सुविधा दे रही है।
Latest India News