1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भाजपा ने एक राज्य जीता, कांग्रेस ने दो गंवाए: जावड़ेकर

भाजपा ने एक राज्य जीता, कांग्रेस ने दो गंवाए: जावड़ेकर

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक 'नया राज्य' जीता है, जबकि कांग्रेस ने दो राज्यों में अपनी सरकारें गंवाई हैं।

Prakash Javadekar
- India TV Hindi
Prakash Javadekar

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक 'नया राज्य' जीता है, जबकि कांग्रेस ने दो राज्यों में अपनी सरकारें गंवाई हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि साल 2019 में लोकसभा चुनाव में दो राष्ट्रीय पार्टियों के बीच मुकाबला होगा।

जावड़ेकर ने विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर संतुष्टि जताते हुए कहा, "कांग्रेस ने दो राज्यों में अपनी सरकारें गंवा दीं, जबकि भाजपा ने एक नए राज्य में जीत दर्ज की है।" भाजपा ने असम में भारी जीत दर्ज की है, जहां 15 वर्षो से कांग्रेस की सरकार थी।

जावड़ेकर ने कहा कि राजनीति में हमारा काम जीत आश्वस्त करना होता है और यदि ऐसा होता नहीं दिखता, तो उद्देश्य दुश्मनों को हराना या मित्रवत पार्टी को जिताना होता है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) और तृणमूल को मित्रवत पार्टी बता रहे हैं, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों ही 'स्वतंत्र' पार्टियां हैं।

उन्होंने कहा, "दुश्मन कम्युनिस्ट तथा कांग्रेस हैं। उन्हें हराया जाएगा। तृणमूल व एआईएडीएमके स्वतंत्र पार्टियां हैं, जो अपनी पसंद से फैसले लेती हैं।" जावड़ेकर ने यह भी कहा कि तमिलनाडु के परिणाम के बारे में पहले से पता था। वह तमिलनाडु में पार्टी के मामलों के प्रभारी हैं।

उन्होंने कहा, "ममता की विजय और जयललिता की संभावित विजय के बारे में तो लोग राह चलते चर्चा कर रहे थे। मैंने तमिलनाडु में चुनाव प्रचार किया और वहां लोग अम्मा को चाह रहे थे, और यही हुआ।"

Latest India News