1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केजरीवाल हरियाणा से हैं, पंजाब से उन्हें लगाव नहीं: बादल

केजरीवाल हरियाणा से हैं, पंजाब से उन्हें लगाव नहीं: बादल

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गुरुवार को अरविन्द केजरीवाल पर हमला बोलते हुए दावा किया कि आप प्रमुख का पंजाब के प्रति कोई लगाव नहीं है क्योंकि वह हरियाणा से हैं और उनका एकमात्र इरादा अपने मूल राज्य को फायदा पहुंचाने के लिए यहां सत्ता हासिल करना है।

Prakash singh Badal- India TV Hindi
Prakash singh Badal

भागोवाल (पंजाब): मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गुरुवार को अरविन्द केजरीवाल पर हमला बोलते हुए दावा किया कि आप प्रमुख का पंजाब के प्रति कोई लगाव नहीं है क्योंकि वह हरियाणा से हैं और उनका एकमात्र इरादा अपने मूल राज्य को फायदा पहुंचाने के लिए यहां सत्ता हासिल करना है। बादल ने फतेहगढ़ चूडि़यां विधानसभा क्षेत्र में संगत दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा, चूंकि केजरीवाल हरियाणा से हैं, ऐसे में स्वाभाविक रूप से उनका झुकाव अपने प्रदेश के हितों की रक्षा के प्रति होगा।

उन्होंने एसवाईएल नहर मुद्दे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूख का जिक्र किया और कहा कि इससे पंजाब अपने पानी से वंचित हो जाएगा। उन्होंने कहा, पंजाब के सभी लोगों को पानी की एक एक बूंद बचाने के लिए संघर्ष करना होगा क्योंकि अगर आप और कांग्रेस अपने इरादों में सफल हो गए जो पंजाब को रेगिस्तान बनने से कोई नहीं बचा सकेगा। बादल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंजाब को उसके पानी से वंचित करने के लिए कई समझौते किए और अब आप उनका जल्द कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अपनी ओर से पूरा प्रयास कर रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बादल ने आरोप लगाया कि उसने सिखों के धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई मौका नहीं छोड़ा और युवा पीढ़ी को 1984 की स्वर्ण मंदिर कार्रवाई को नहीं भूलना चाहिए। बादल ने कहा कि 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मौत के बाद सिखों के नरसंहार ने समुदाय के मानस को बुरी तरह से प्रभावित किया और यह हमारा कर्तव्य है कि इस मुद्दे पर युवा पीढ़ी को जागरूक किया जाए। अपनी सरकार की प्रमुख पहलों का जिक्र करते हुए बादल ने दावा किया कि शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार के ठोस प्रयासों के कारण पंजाब आज देश में एकमात्र राज्य है जहां बिजली मांग से ज्यादा (सरप्लस) है।

Latest India News