1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अवार्ड वापस कर रहे लेखकों पर रविशंकर प्रसाद ने उठाए सवाल

अवार्ड वापस कर रहे लेखकों पर रविशंकर प्रसाद ने उठाए सवाल

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कन्नड़ लेखक एम एम कलबुर्गी की हत्या और दादरीकांड के विरोध में अपने अवॉर्ड लौटा रहे जाने माने लेखकों पर सवाल उठाते हुए आज कहा कि आपातकाल

अवार्ड वापस कर रहे...- India TV Hindi
अवार्ड वापस कर रहे लेखकों पर रविशंकर प्रसाद ने उठाए सवाल

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कन्नड़ लेखक एम एम कलबुर्गी की हत्या और दादरीकांड के विरोध में अपने अवॉर्ड लौटा रहे जाने माने लेखकों पर सवाल उठाते हुए आज कहा कि आपातकाल और मुजफ्फरनगर दंगों जैसी घटनाओं के बाद तो ऐसी आवाजें नहीं सुनी गई थीं । 

प्रसाद ने कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ....मुझे एक चीज से कभी-कभी बहुत दुख होता है । देश में पहले भी कई बड़ी घटनाएं हुई हैं, लेकिन उस समय लोगों ने अपने अवॉर्ड नहीं लौटाए । भाजपा नेता ने कहा, आपातकाल के दौरान, प्रेस की आजादी के साथ-साथ बड़े पैमाने पर कई बार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ। लेकिन उस वक्त ऐसी आवाजें नहीं सुनी गई थीं । करीब डेढ़ साल पहले मुजफ्फरनगर में इतना बड़ा दंगा हुआ और वहां जिस तरह से समाजवादी पार्टी की राज्य सरकार ने काम किया वह पूरी तरह भेदभावपूर्ण था । उस वक्त भी ऐसा विरोध नहीं देखा गया । 

बहरहाल, उन्होंने जोर देकर कहा, हम विद्वानों का सम्मान करते हैं लेकिन उनसे विनम्रतापूर्वक कहना चाहेंगे कि यदि उन्हें अवॉर्ड दिया गया है तो यह उनकी काबिलियत और ज्ञान के आधार पर दिया गया है, जिस पर सभी को गर्व है । 

बहरहाल, केंद्रीय मंत्री ने इस मुद्दे पर और सवालों के जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि वह इस मंच पर बैठकर इस मुद्दे पर बहस नहीं करना चाहते । उन्होंने कहा, मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा । संस्कृति मंत्री महेश शर्मा पहले ही इस पर बोल चुके हैं ।

दादरी कांड पर विपक्ष की ओर से की जा रही आलोचना के बारे में पूछने पर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दोनों ही इस मुद्दे पर बोल चुके हैं । उन्होंने कहा, इसके बाद भी कुछ लोग आलोचना बंद नहीं कर रहे । तो इसमें हम क्या कर सकते हैं ? दादरी कांड की प्राथमिक जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार पर थी । उनकी शुरूआती प्रतिक्रिया भी अच्छी नहीं थी । 

प्रसाद ने कहा, उन्हें कार्रवाई करनी चाहिए थी । हम इसकी निंदा करते हैं । इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए । 
केंद्रीय मंत्री ने ये टिप्पणियां तब की हैं जब जानी मानी लेखिका शशि देशपांडे ने कहा कि दादरी कांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी बेहद कमजोर है । कलबुर्गी की हत्या पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर निराशा जाहिर करते हुए देशपांडे ने कहा कि मोदी ने दादरी कांड पर दुख जताने के लिए दुर्भाग्यपूर्ण जैसा एक बेहद कमजोर शब्द इस्तेमाल किया है ।

Latest India News