नई दिल्ली: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बीएसएफ विमान हादसे में मरने वाले लोगों के प्रति आज संवेदना प्रकट की। उन्होंने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक को भेजे गए एक संदेश में कहा, मैं दिल्ली में दुखद बीएसएफ विमान हादसे के बारे में जानकर दुखी हूं, जिसमें विमान में सवार सभी बीएसएफ कर्मियों की मौत हो गई। मेरी संवेदना और प्रार्थना उन परिवारों के साथ है जिन्होंने अपने निकट संबंधियों को खो दिया है। उन्होंने कहा, मैं आश्वस्त हूं कि मृतकों के रिश्तेदारों को सभी जरूरी मदद और सहायता प्रदान की जा रही होगी।
मुखर्जी ने कहा, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दे। बीएसएफ का 20 वर्ष पुराना एक विमान बल के तकनीकी कर्मियों को लेकर रांची जा रहा था तभी आईजीआई हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद द्वारका के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में विमान में सवार 10 लोगों की मौत हो गई।
बीएसएफ ने मृतकों के परिजनों के लिए की अनुग्रह राशि की घोषणा
उधर, बीएसएफ के महानिदेशक पाठक ने कहा कि इस दुर्घटना में मारे गए सभी कर्मियों के परिवारों को सरकार की ओर से आवंटित अन्य धनराशि के अलावा 20-20 लाख रूपये अनुग्रह राशि के तौर पर दिये जाएंगे। इस बीच बीएसएफ विमान दुर्घटना में मारे गए सभी 10 व्यक्तियों की पहचान चिकित्सकीय तौर पर स्थापित हो गई है और चिकित्सकों ने शवों के अंगों को जोड़ दिया है।
अर्द्धसैनिक कर्मियों के शवों को द्वारका क्षेत्र में शाहाबाद मोहम्मदपुर गांव स्थित दुर्घटनास्थल से निकालने के बाद एम्स भेज दिया गया था। इनमें से कुछ शव आंशिक रूप से जले हुए थे। एम्स के फोरेंसिक विभाग के प्रमुख सुधीर गुप्त ने कहा, दो शव :पायलट एवं सह पायलट के.: आंशिक रूप से जले हुए थे जबकि आठ शवों पर केवल चोट के निशान थे जलने के नहीं। सभी पीडि़तों की पहचान चिकित्सकीय रूप से प्रिंगर प्रिंटिंग से स्थापित हो गई है।
उन्होंने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत का कारण गिरना और विमान के भीतर जोर से टकराना है। वहीं विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व वाली चार सदस्यीय कमेटी विमान दुर्घटना की जांच करेगी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि दुर्घटना के कारणों की जांच करने वाली कमेटी आफ इंक्वायरी का गठन किया जा रहा है।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के उप निदेशक आर एस पस्सी कमेटी के अध्यक्ष होंगे जबकि मध्य प्रदेश सरकार के मुख्य पायलट कैप्टेन अनंत सेठी उसके आपरेशनल सदस्य होंगे। इसके साथ ही एएआईबी के एयरवर्दिनेस के सहायक निदेशक राजे भटनागर, और वायु सुरक्षा अधिकारी (एएआईबी) के रामचंद्रन उसके अन्य सदस्य होंगे।
इस दुखद विमान दुर्घटना में बीएसएफ के 10 अनुभवी कर्मी मारे गए हैं। यह इस अर्द्धसैनिक बल के लिए सबसे बड़े नुकसानों में से एक है। इस दुर्घटना से बीएसएफ की वायु इकाई में एक बहुत बड़ा खालीपन बन गया है जिसे विशेष तौर पर देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए तैनात किये जाने वाले उसके बलों को वायु सहायता भूमिका मुहैया कराने के लिए खड़ा किया गया है।
Latest India News