मास्को: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की याद में बनाए गए सोवियत स्मारक पर जाकर अज्ञात सैनिकों के मकबरे पर पुष्पचक्र चढ़ाया। यह युद्ध स्मारक यहां एलेक्जांद्र गार्डन में क्रेमलिन वॉल पर स्थित है। प्रधानमंत्री कड़ाके की ठंड के बीच युद्ध स्मारक पर जलती ज्योति के करीब कुछ मिनट तक खड़े रहे जिसकी रौशनी में स्मारक की कांस्य पट्टिका पर लिखे ये शब्द चमक रहे थे तुम गुमनाम हो, तुम्हारा काम अमर है।
1941 में मास्को की लड़ाई में शहीद हुए रूसी सैनिकों के अवशेषों को शुरूआत में जेलेनोग्राद शहर में लेनिनग्राद राजमार्ग से 40 किलोमीटर दूर शित्यकी स्मारक में सामूहिक कब्र में दफनाया गया था। दिसंबर 1966 में इस युद्ध की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर इन अवशेषों को क्रेमलिन वॉल पर लाकर दफनाया गया।
गुमनाम सैनिकों के स्मारक का डिजाइन वास्तुशिल्पी डी आई बुर्दिन, वी ए कलिमोव, यू आर रबायेव और शिल्पकार निकोलाई तोम्स्की ने तैयार किया था। आठ मई 1967 को इस स्मारक का उद्घाटन किया गया था। गहरे लाल रंग के इस स्मारक पर एक बैनर के उपर सैनिक का हेलमेट रखा हुआ है। स्मारक के बायीं तरफ एक ग्रेनाइट की दीवार पर गुदा हुआ है 1941: मातृभूमि के लिए शहीद होने वाले 1945।
Latest India News